अनाजमंडी में धान खरीद का लिया जायजा
- फोटो : अमर उजाला
बीजेपी के पूर्व जिला प्रधान एवं वरिष्ठ बीजेपी नेता धुम्मन सिंह किरमच तथा किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने अनाजमंडी में धान खरीद का जायजा लिया तथा धान की गुणवत्ता भी जांची। इस अवसर पर उन्होंने आढ़तियों व किसानों की समस्याओं को सुन उनका मौके पर ही समाधान किया। किसान नेता गुरनाम सिंह ने कहा कि अनाजमंडी से धान खरीदने के लिए प्रदेश भर के सभी राइस मिलरों को कहीं से भी धान खरीदने की छूट होनी चाहिए।
ऐसा न होने पर राइस मिलर पूल कर धान का दाम निर्धारित कर लेते है। जिससे किसानों को खासा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। इसको लेकर बीजेपी नेता धुम्मन सिंह ने तुरंत प्रदेश के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ से बात करने के बाद आश्वासन दिया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से विचार विमर्श कर इस समस्या का समाधान किया जाएगा। धुम्मन ने मार्केट कमेटी सचिव रामकुमार को कहा कि धान खरीद के समय अनाजमंडी में बिजली, पानी व सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। इस मौके पर बीजेपी मंडल प्रधान गुलशन पुरी, ब्लाक समिति चेयरमैन रामसिंह, मार्केट कमेटी रामकुमार, तरविंद्र संधू, अमित बंसल, पुनीत गर्ग, धर्मेद्र, गौरव झांसा, मदन मनचंदा आदि मौजूद रहे।
निर्धारित मूल्य पर हो रही है खरीद
राइस मिलर के प्रधान सतीश बंसल एवं महासचिव जितेंद्र पपनेजा से बात कि तो उन्होंने कहा कि अनाजमंडी में राइस मिलरों ने कोई पूल नहीं किया हुआ है। सरकारी मापदंडों के अनुसार 17 प्रतिशत नमी वाला धान सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 1510 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदा जा रहा है।