कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में सेमीनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें बतौर मुख्यातिथि सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन होम्योपैथी (सीसीआरएच) के पूर्व डीजी एवं राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (एनसीएच) के पूर्व चेयरमैन डॉ. अनिल खुराना शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के सचिव डॉ. संजय गुप्ता शिरकत करेंगे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर वैद्य करतार सिंह धीमान करेंगे। इनके साथ ही आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र चौधरी, आयुष विवि के डीन ऑफ होम्योपैथी प्रोफेसर डॉ. अनिल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
होम्योपैथी चिकित्सा केंद्र की सीनियर डोमेन एक्सपर्ट डॉ. कुलजीत कौर ने बताया कि कार्यक्रम में होम्योपैथी पद्धति पर मंथन किया जाएगा। होम्योपैथी केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक, प्राकृतिक और समग्र उपचार प्रणाली है। इसके तहत हर रोगी को उसकी प्रकृति, लक्षण और मन की स्थिति के आधार पर अलग-अलग दवा दी जाती है, जिससे इसका प्रभाव दीर्घकालिक होता है। आयुष विश्वविद्यालय के होम्योपैथी चिकित्सा केंद्र पर रोजाना 50 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। यहां मरीजों को बेहतर उपचार के लिए 300 से ज्यादा प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं।