कुरुक्षेत्र। पुत्रदा एकादशी का व्रत वर्ष में दो बार रखा जाता है। एक बार पौष माह के शुक्ल पक्ष में और दूसरी बार सावन माह के शुक्ल पक्ष में। इस वर्ष पौष माह की पुत्रदा एकादशी का व्रत 30 दिसंबर को है। शास्त्रीय गणना के अनुसार इस वर्ष पौष शुक्ल एकादशी तिथि का क्षय हो रहा है, इसलिए निर्णयसिन्धु शास्त्र के अनुसार दशमी विदा एकादशी में ही व्रत करना श्रेष्ठ माना गया है।
इस व्रत में जगत के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि पौष पुत्रदा एकादशी का व्रत करने से वाजपेय यज्ञ के समान पुण्य फल की प्राप्ति होती है। ज्योतिषाचार्य रामराज कौशिक ने बताया कि 30 दिसंबर को पुत्रदा एकादशी का व्रत रहेगा। इस दिन भरणी नक्षत्र और सिद्ध योग का विशेष संयोग बन रहा है, जो इस व्रत को और भी फलदायी बना रहा है।
धर्म शास्त्रों के अनुसार पौष पुत्रदा एकादशी का व्रत मुख्य रूप से संतान प्राप्ति के लिए किया जाता है। जो दंपती नि:संतान हैं, उनके लिए यह व्रत अत्यंत विशेष माना गया है। मान्यता है कि इस दिन व्रत और पूजा करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है और संतान सुख का योग बनता है।
व्रत से दूर होंगी संतान से जुड़ी बाधाएं
पंडित बलराज कौशिक ने बताया कि पौष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर संतान के सुखद भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना से व्रत किया जाता है। पति-पत्नी यदि एक साथ यह व्रत करते हैं तो संतान से जुड़ी मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं। संतान के कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। माता-पिता भी अपनी संतान की मंगल कामना से यह व्रत करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर सहित पांडवों को एकादशी व्रत का महत्व बताया था। स्कंद पुराण के वैष्णव खंड में एकादशी महात्म्य अध्याय में इसके पुण्य प्रभावों का वर्णन मिलता है। एकादशी व्रत से सुख, शांति, सफलता और पापों से मुक्ति प्राप्त होती है। साथ ही मां लक्ष्मी की कृपा भी प्राप्त होती है।
पुत्रदा एकादशी की तिथि
ज्योतिषाचार्य रामराज कौशिक ने बताया कि 30 दिसंबर को सुबह छह बजकर 38 मिनट पर एकादशी तिथि आरंभ होगी और 31 दिसंबर को सुबह चार बजकर 48 मिनट पर समाप्त होगी। उदयकाल में एकादशी तिथि होने के कारण 30 दिसंबर को ही व्रत रखना शास्त्रसम्मत है। यदि 31 दिसंबर को व्रत रखा जाए तो त्रयोदशी तिथि में पारण होगा, जो शास्त्रों के अनुसार उचित नहीं माना गया है।