एलएनजेपी में पिछले तीन दिनों से ओपीडी कंप्यूटर खराब होने से एक मरीज का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। सोमवार दोपहर को घंटो लाइन में लगने के बाद भी जब पर्ची नहीं बनी, तो एक महिला मरीज ने ओपीडी कार्यालय पर एक पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से ओपीडी कार्यालय का शीशा टूट गया।
अचानक हुई इस घटना से ओपीडी कार्यालय में और पर्ची कटवा रहे मरीजों में खलबली मच गई। इस दौरान कुछ देर तक ओपीडी में पर्ची बनाने का काम बंद कर दिया गया। ओपीडी कर्मी ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी। पत्थर फेंकने के बाद महिला मरीज घटना स्थल से चली गई।
जानकारी के अनुसार पत्थर फेंकने वाली महिला सुबह से ओपीडी रजिस्ट्रेशन में पर्ची कटवाने के लिए लाइन में खड़ी थी। ओपीडी रजिस्ट्रेशन कार्यालय में केवल एक कंप्यूटर से काम किया जा रहा है। इस कारण ओपीडी स्ल्पि का काम धीमे हो रहा है।
इससे विभाग के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लग गई। बहुुत देर तक अपना नंबर न आने से गुस्साई महिला ने ओपीडी कार्यालय की ओर पत्थर फेंक दिया। समाचार लिखे जाने तक विभाग ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।
सॉफ्टवेयर खराब होने के कारण ओपीडी की पर्ची काटने में बहुत परेशानी हो रही है। ओपीडी के सभी कंप्यूटरों को ठीक करवाया जा रहा है। ओपीडी कार्यालय का शीशा दुबारा लगाया जाएगा।
डॉ. मुकेश, एमएस, एलएनजेपी अस्पताल