गुहला-चीका। रोजगार विभाग की ओर से व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका में विद्यार्थियों के लिए मेंटल वेलनेस ऑफ स्कूल स्टूडेंट्स विषय पर कॅरिअर टॉक आयोजित की गई। कार्यक्रम में पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व की जानकारी दी गई। सहायक रोजगार अधिकारी गुहला प्रतीक ने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ करियर और जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा का तनाव, साथियों का दबाव और सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। ऐसे में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और संतुलित दिनचर्या अपनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और समय का सही प्रबंधन अपनाने की सलाह दी, ताकि वे तनावमुक्त रहकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।