पथानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने पर्यटन को बढ़ावा और यात्रियों को सुविधा देने के लिए कुरुक्षेत्र शहर में दो नए पुलिस टूरिस्ट पोस्टों का शुभारंभ किया। सुरक्षा की दृष्टि से इन पोस्टों में जिला प्रशासन कैमरे भी लगाएगा। विधायक ने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन कुरुक्षेत्र धार्मिक स्थल पर श्रृद्धालु आते हैं। इनको सुरक्षा के साथ हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को शहर के नए बस अड्डे और गुरुद्वारा छठी पातशाही के सामने टूरिस्ट पुलिस पोस्ट बनाए गए हैं। इनके खुलने से पर्यटकों को सभी तीर्थों की नि:शुल्क जानकारी मिलेगी।
उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन ने कहा कि कुरुक्षेत्र के धार्मिक स्थानों का भ्रमण करने वाले पर्यटकों को जिला प्रशासन की तरफ से विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। सुरक्षा की दृष्टि से टूरिस्ट पुलिस के पोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं। अब तक तीन पोस्ट बन चुके हैं। कुरुक्षेत्र में ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवर आदि का विशेष महत्व हैं। पिहोवा और ज्योतिसर तीर्थों का भी अपना महत्व है। इन सभी तीर्थों पर जाने के लिए पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले की पुलिस प्रयास कर रही है। ब्रह्मसरोवर पर एक टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पहले ही स्थापित है। इन सभी में सीसीटीवी कैमरे भी जल्द लगवाए जाएंगे। इस अवसर पर डीएसपी रमेश गुलिया, एसएचओ सदर दलीप कुमार और एसएचओ झांसा निर्मल सिंह, दीपक चोपड़ा, राजेश सिंगला, मुनीष मित्तल, प्रमोद बंसल, राजेंद्र कुमार, हेमंत मेहता, कपिल मित्तल आदि उपस्थित रहे।
इन तीर्थ यात्रियों को मिलेगी सुविधा
एसपी सिमरदीप सिंह ने बताया कि जो भी पर्यटक जीटी रोड से जिले में प्रवेश करेगा, उन्हें बस अड्डे पर स्थापित पुलिस टूरिस्ट पोस्ट पर सभी जानकारी मिल सकेगी। कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से आने वाले पर्यटकों को गुरुद्वारा छठी पातशाही के पास स्थापित पुलिस टूरिस्ट पोस्ट से जानकारी मिलेंगी।