पिछले 15 दिनों से लोगों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें, मायूस होकर लौट रहे तहसील में काम कराने पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला भर के 110 कंप्यूटर ऑपरेटर पिछले 15 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। इससे अब तक तीन हजार से ज्यादा रजिस्ट्रियां व इंतकाल अटक चुके हैं। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, खेत की फर्द, लोन से संबंधित काम, आय प्रमाण पत्र, लाइसेंस व आरसी के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। हड़ताल के चलते लोगों को पिछलें 15 दिनों से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सोमवार को भी तहसील में काम कराने पहुंचे लोग हड़ताल के चलते बैरंग अपने घरों को लौट गए। तहसील में काम न होने से लोगों के चेहरों पर मायूसी देखने को मिल रही है।
वहीं सोमवार को हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के बैनर तले कुरुक्षेत्र और कैथल जिले के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने मुख्यमंत्री के नाम राज्य मंत्री सुभाष सुधा के पीए को ज्ञापन सौंपा। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के जिला प्रधान प्रमोद नागपाल ने बताया कि विभिन्न मांगों को जिला भर के कंप्यूटर राज्यमंत्री सुभाष सुधा के आवास के बाहर इकट्ठे हुए और दूसरी बार राज्यमंत्री के पीए को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें विभिन्न मांगों के समाधान की मांग की गई हैं। प्रदेश भर में कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल पिछले 15 दिनों से जारी है, लेकिन प्रदेश सरकार कंप्यूटर ऑपरेटरों की मांगों को नहीं मान रही हैं।उन्होंने कहा कि जब तक मांगों को लेकर सहमति पत्र नहीं मिलेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इन मांगों को लेकर हड़ताल पर है कंप्यूटर ऑपरेटर
-कंप्यूटर प्रोफेशनल जिला आईटी समिति डीआईटीएस का केंद्रीकरण कर बजट का प्रावधान करने
-सभी कार्यरत कर्मचारियों के पद सृजित करने
-एचकेआरएनएल में भेजे सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में शामिल करने
- 58 साल उम्र तक सेवा सुरक्षा देने
-पद के अनुभव के साथ समान काम समान वेतन
काम के लिए लगा चुका चार चक्कर : मुकेश शर्मा
शहर निवासी मुकेश शर्मा का कहना है कि वे लोन से संबंधित काम कराने तहसील में पहुंचे थे, लेकिन हड़ताल होने के कारण काम न बन सका, इसलिए अब फिर से चक्कर लगाना पड़ेगा। पहले भी चार चक्कर लगा चुका हूं, लेकिन हड़ताल है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही। हड़ताल के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही हैं।