- रेलवे रोड पर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन
- मुख्यमंत्री नायब सिंह ने वातानुकूलित अग्रसेन भवन का किया शिलान्यास, मुख्यमंत्री, सांसद व राज्यमंत्री ने 31 लाख के अनुदान की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत एक करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे प्रदेश के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए श्री वैश्य अग्रवाल समाज अहम भूमिका अदा कर सकता है। ये विचार मुख्यमंत्री नायब सिंह ने रविवार देर रात्रि रेलवे रोड पर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में व्यक्त किए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह, सांसद नवीन जिंदल, राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से सेक्टर आठ में बनने वाले वातानुकूलित अग्रसेन भवन का शिलान्यास किया। इस मुख्यमंत्री नायब सिंह, सांसद नवीन जिंदल व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कुल 31 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत करनाल में 20 हजार और कुरुक्षेत्र में पांच हजार पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को एक-एक पौधा लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण की इस मुहिम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की बैठक में मुख्यमंत्रियों से प्रधानमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए लंबी चर्चा की है।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को पूरी दुनिया के लोग जानना और देखना चाहते है। इस धर्मस्थली को केंद्र और राज्य सरकार ने पर्यटन के हब के रुप में विकसित किया है। श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत का अग्रसेन भवन आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया जाएगा ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक और स्थानीय नागरिकों को भवन में उच्चस्तरीय सुविधाएं मिल सके। राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि भवन के लिए समाज को सरकार की तरफ से जमीन आवंटित की गई है। श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान सतप्रकाश गुप्ता ने कहा कि यह भवन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा, पूर्व चेयरमैन देवीदयाल शर्मा, कोषाध्यक्ष कपिल मित्तल, राजेश सिंगला, भरतू लाल, राज कुमार मित्तल, विनोद गर्ग, अश्विनी जिंदल, अश्वनी जैन, चंद्रभान गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल, नवीन बंसल, अभिषेक गर्ग, खाटू श्याम मित्र सेन गुप्ता, सचिन गुप्ता उपस्थित थे।