शाहाबाद। मोहड़ी में लगी दुकान में आग पर काबू पाते अग्रिशमन कर्मचारी। सोशल मीडिया
शाहाबाद। नेशनल हाईवे स्थित गांव मोहड़ी के अड्डे पर सोमवार तड़के करीब सुबह पांच बजे खोखानुमा बनीं तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। अंधेरा होने के कारण आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। कुछ ही पलों में आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया और सैलून, टी स्टॉल और टायर शॉप को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानों के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन तारों में स्पार्किंग हुई जिससे चिंगारियां नीचे गिर गईं और आग भड़क उठी। उस समय अधिकतर दुकानदार घरों में सो रहे थे, इसलिए आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। आग लगते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अंधेरा होने के कारण अग्निशमन कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। टायर शॉप संचालक जरनैल सिंह का कहना था कि इस आगजनी में दुकान के अंदर रखे नए व पुराने टायर, मशीनरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए जिससे उन्हें करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं सैलून शॉप संचालक कृष्ण कुमार ने बताया कि आग से सैलून का सारा फर्नीचर, उपकरण और सामग्री नष्ट हो गई जिससे करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
टी स्टॉल संचालक बलविंद्र ने बताया कि आग की चपेट में आकर उनकी दुकान का पूरा सामान जल गया जिससे उन्हें करीब 50 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण हाईटेंशन तारों में हुई स्पार्किंग बताया जा रहा है। लोगों ने हाईवे किनारे दुकानों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को दुरुस्त करने की मांग की।