घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी व अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
पुरानी रंजिश में बुधवार की रात कुबेर कॉलोनी में तलवारें चल गईं। रात करीब आठ बजे टकराव में एक मां और उनके बेटे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर अपनी कार और दो बाइकें छोड़कर मौके से भाग गए, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घायल राहुल ने बताया कि हमलावर हर्ष उसका पुराना दोस्त था। छह-सात महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों में तीखी कहासुनी हुई, जो थाने तक पहुंच गई। पंचायती सुलह के बाद दोनों अलग हो गए, लेकिन रंजिश की चिंगारी दिलों में सुलगती रही।
बुधवार रात हर्ष ने अपनी मां और 10-15 साथियों के साथ राहुल के घर पर धावा बोल दिया। कार और तीन बाइकों पर सवार हमलावरों ने पहले राहुल की दादी की चारपाई में टक्कर मारी, फिर घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। राहुल ने आरोप लगाते हुए बताया कि शोर सुनकर जब वह नीचे आया तो हर्ष और उसके साथियों ने तलवारों से उस पर हमला कर दिया। जवाब में राहुल ने पास पड़े ईंटों के ढेर से हमलावरों पर पथराव शुरू किया, जिसमें हर्ष और उसकी मां अंजली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हर्ष के परिवार को खत्म करने की दी धमकी
आरोप है कि घटना के बाद भी हर्ष का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ। उसने राहुल के पिता को फोन कर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी, जबकि पुलिस मौके पर साक्ष्य जुटा रही थी। राहुल के पिता ने इस धमकी की कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।
थाना कृष्णा गेट के प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। अभी एक पक्ष से शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएगें, उसी के आधार पर आगे की जांच शुरू होगी।