कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने दो किलो 600 ग्राम चूरा पोस्त के साथ ट्रक चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ट्रक चालक मनदीप सिंह उर्फ दीप निवासी कंग, प्रदीप सिंह निवासी जठू माजरा जिला नवाशहर तथा गुरुप्रकाश निवासी क्रीम नगर जिला पटियाला पंजाब अपने ट्रक में चूरा पोस्त छिपाकर पंजाब जा रहे थे। एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली कि मनदीप सिंह, प्रदीप सिंह व गुरप्रकाश अपने ट्रक में पंजाब से माल लादकर कोलकाता व झारखंड की ओर जाते हैं। वापसी में तीनों झारखंड से अफीम व चूरा पोस्त कम दाम में खरीदकर पंजाब में महंगे दाम पर बेचते हैं। आज भी यह तीनों अपने ट्रक में सामान के बीच नशीला पदार्थ छिपाकर अमृतसर जा रहे है। सूचना पर टीम ने दिल्ली-अंबाला हाईवे-44 पर पिपली के नजदीक होटल क्राउन के सामने नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद करनाल की तरफ से आए ट्रक को रुकवाकर चालक से पूछताछ के बाद तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो किलो 600 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी मनदीप को 10 दिन के रिमांड पर लेकर अन्य दोनों को आरोपी कारागार भेज दिए।