कुरुक्षेत्र। क्रिप्टो करेंसी में पैसा लगाकर दोगुना लौटने का झांसा देकर साढ़े पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने महिला सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप लगाया कि आरोपी एक बैंक की शाखा चलाकर उसकी आड़ में जनता के साथ ठगी की गई है। थाना शहर थानेसर में बलकार सिंह निवासी बसंतपुर ने बताया कि यमुनानगर निवासी रसई खान, जगाधरी निवासी सीमा बेगम एक निजी बैंक चलाते हैं, जिसकी एक शाखा यमुनानगर तो एक कुरुक्षेत्र में है। आरोपियों ने एक सॉफ्टवेयर बना रखा है, जिसके जरिए उनसे पैसे निवेश करवाए गए। कुछ समय में पैसा दोगुना करने का आश्वासन देकर उससे करीब साढ़े पांच लाख रुपये लिए थे। लंबे समय से वह अपने पैसे के लिए चक्कर लगा रहे हैं। शिकायत पर मामले की जांच डीएसपी प्रदीप कुमार ने करते हुए आरोपी रईस खान, सीमा बेगम व वजीराबाद बुराड़ी उत्तर दिल्ली निवासी हाकिम अली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उधर, मामले में आरोपी सीमा बेगम का कहना है, ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के जरिए पैसा निवेश करा उसे दोगुना या चार गुणा करने जैसी कोई योजना कभी नहीं चलाई गई। उक्त लोगों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश किया था। उसके खुद के पैसे भी कंपनी में फंसे है।