कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा एक ने अनाज मंडी में पुलिसकर्मी के बेटे के साथ मारपीट और गोलीबारी के मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आकाश नगर के पवित्र नरवाल, आलमपुर के साहिल और एक नाबालिग के रूप में हुई है। टीम ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्तोल, एक मैगजीन और एक कारतूस बरामद किया है।
किरमच गांव के रहने वाले पीड़ित प्रिंस ने बताया कि 8 सितंबर को वह नई अनाज मंडी में दोस्तों के साथ था। हिमांशु नाम के व्यक्ति ने उसे इंस्टाग्राम पर कॉल कर गाली-गलौज और धमकी दी। बाद में 14-15 लोग मोटरसाइकिलों पर पहुंचे और प्रिंस को धमकाने लगे। भीम पंडित ने पिस्तोल से गोली चलाई, जो प्रिंस की बाईं ओर लगी। इसके बाद उन्हें राहगीर की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।