जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कोरोना संक्रमित महिला सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार नेशनल हाईवे पर प्रतापगढ़ के निकट वीरवार को हुई एंबुलेंस और कार की टक्कर में कोरोना संक्रमित महिला की के अलावा चिकित्सक और तीन अन्य घायल हुए थे। देर रात इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। उधर, बरदपुर के निकट ट्रैक्टर की चपेट में आने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जिसकी शनाख्त गांव बदरपुर निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई हरनाम सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव अजावर के निकट बाइक की टक्कर में 35 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जानकारी के अनुसार गांव घिल्लोर मगरा निवासी संजीव कुमार अपने घर जा रहा था। अजावर के निकट उसकी एक बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में संजीव कुमार की जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।