शाहाबाद। हरियाणा गो सेवा आयोग की ओर से शाहाबाद की तीन गोशालाओं को 17 लाख 64 हजार 635 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना ने अपने कार्यालय में गोशाला प्रतिनिधियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान 48 कोस के चेयरमैन रविंदर सांगवान भी मौजूद रहे।
कलसाना ने बताया कि श्री मारकंडेश्वर गोशाला एवं वेलफेयर सोसाइटी को 6 लाख 78 हजार 706 रुपये, श्री कृष्णा गोशाला सेवा समिति को 5 लाख 62 हजार 829 रुपये और इच्छाधारी पीर धूना श्री चंद भगवान गोशाला, ढोला माजरा को 5 लाख 23 हजार 100 रुपये दिए गए। चेक नगरपालिका के पूर्व प्रधान बलदेवराज चावला, हरीश विरमानी और महंत बाबा हरसिरमन दास को सौंपे गए। रविंदर सांगवान ने कहा कि आर्थिक सहायता गो संरक्षण को बढ़ावा देगी। मनोनीत पार्षद दीपक आनंद ने कहा कि इससे गोवंश के चारे और देखभाल की व्यवस्था बेहतर होगी। इस अवसर पर पार्षद नीरज मट्टू, डॉ. रविंदर अग्रवाल, एसपी तंवर, अधिवक्ता मनदीप रावा और श्याम रावत सहित अन्य सेवक मौजूद रहे।