कुरुक्षेत्र। अलग-अलग मामले में ढाबे से चोरी का सामान खरीदने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोमनाथ उर्फ सोमी निवासी मॉडल टाउन सोनीपत, जसविंद्र सिंह व सुरेश कुमार निवासी त्यौड़ा शाहाबाद के कब्जे से लोहा पत्ती व छह ड्रम (1920 किलोग्राम) केमिकल बरामद हुए।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि थाना शाहाबाद की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अमरनाथ ढाबा संचालक सोमी उसके ढाबे पर आने वाले ट्रक चालकों से सस्ते दाम पर लोहे का सामान व केमिकल खरीदकर महंगे दाम पर बेचता है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर सोमी को काबू कर कब्जे से चोरीशुदा खरीदा गया छह ड्रम (1920 किलोग्राम) केमिकल, 10.10 क्विंटल लोहा पत्ती बरामद हुई। दूसरे मामले में गौरी वैष्णो ढाबे के पीछे रहने वाले सुरेश कुमार से 1.05 क्विंटल लोहा पत्ती बरामद की गई। अन्य मामले में नटराज वैष्णो ढाबा संचालक के कब्जे से 1.10 क्विंटल लोहा पत्ती बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।