कुरुक्षेत्र। तीन दिन पहले मारपीट कर मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिवांशु उर्फ कटरीना, आहित व रोहित निवासी कुरुक्षेत्र के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक व छीने गए दो मोबाइल बरामद हुए। थाना सदर में दर्ज शिकायत में मंगू राम निवासी सरस्वती कॉलोनी ने बताया था कि वह छह अक्तूबर को अपनी बाइक पर झांसा रोड पर किराने का सामान लेने के लिए गया था। वह दुकान के पास बाइक को खड़ी करके सामान लेने दुकान में चला गया था।
वह सामान लेकर वापस आया तो उसकी बाइक चोरी हो गई थी। कुछ देर बाद उसने दोस्त मीतू को बाइक चोरी की सूचना दी और मीतू को मौके पर बुलाकर दोनों ने बाइक तलाश करनी शुरू कर दी। इस दौरान जिला जेल पेट्रोल पंप के पास कोई युवक उसकी बाइक को पैदल लेकर जा रहा था। उसने तुरंत उस युवक को पकड़ने का प्रयास किया, मगर आरोपी उसकी बाइक छोड़कर फरार हो गया था। आरोपी को पकड़ने के लिए वह उसके पीछे दौड़ पड़ा। सेक्टर-दाे कट के पास उनको आरोपी मिल गया।
उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो बाइक पर आए तीन युवकों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपी मारपीट कर उसके साथ-साथ उसके दोस्त का मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी दिवांशु, आहित और रोहित को सेक्टर-चार पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। अदालत के आदेश से आरोपियों को कारागार भेज दिया।