फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: व्यवस्था से तंग किसान सड़कों पर उतरे, हाईवे किया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। जिले की अनाजमंडियों में न तो धान की खरीद में तेजी आ पा रही है और न ही उठान कार्य ही सही ढंग से हो पा रहा है। हालात यह है कि मंडियों के बाहर लाखों क्विंटल धान पड़ा हुआ है। अब नमी की आड़ में किसानों पर 150 से 200 रुपये प्रति क्विंटल कट भी लगाया जाने लगा है। ऐसे में व्यवस्था से तंग किसानों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। बुधवार को नाराज किसानों ने कुरुक्षेत्र में केडीबी वीआईपी रोड पर तो ईस्माईलाबाद में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जो देर शाम तक जारी रहा। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र में सुबह 11 बजे ही केडीबी रोड पर मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के सामने किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियां व धान की बोरियां सड़क के बीचोंबीच लगाकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। वहीं बाद में नायब तहसीलदार परमजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे तो किसानों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद किसानों ने देर रात्रि जाम खोला।



तीन घंटे जाम रहा नेशनल हाईवे, फंसे रहे सैकड़ों वाहन
इस्माईलाबाद में किसानों व राइस मिलर्स ने करीब तीन घंटे तक नेशनल हाईवे 152 जाम रखा। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम पिहोवा अमन कुमार, मार्केट कमेटी सचिव चंद्र प्रकाश, थाना प्रभारी राजेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जाम के चलते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी लाइन लग गई। जिससे यातायात प्रभावित रहा।
विज्ञापन

किसान ज्ञान सिंह, विक्रम सिंह, कृपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, लखा राम, बिंद्र सिंह, मलकीत सिंह, सुरेंद्र, सुभाष आदि ने बताया कि धान की खरीद धीमी गति से हो रही है और जो धान एजेंसी द्वारा खरीदा गया है। उसका उठान नहीं हो रहा है। किसानों ने कहा कि जब उनका धान सरकारी मापदंडों के अनुसार सही तथा एजेंसी ने उसे पास कर दिया है तो फिर धान का उठान क्यों नहीं हो रहा। जिसके चलते खरीद का कार्य भी धीमा हो रहा है। किसानों ने कहा कि खेतों में धान की फसल पककर तैयार है और खेतों में बिछने लगी है। इस समय धान कटाई का कार्य रफ्तार पकड़ रहा है। किसानों को अगली फसल की तैयारी भी करनी है। मंडी में उनका जो धान आ रहा वह सूखा व साफ सुथरा है। राइस मिलरों का सरकार के साथ तालमेल नहीं बन रहा है। सरकार राइस मिलरों की मांगे नहीं मान रही है। इसमें किसानों का कोई कसूर नहीं है। एसडीएम अमन कुमार ने कहा कि राइस मिलरों व किसानों को समझाकर शांत कर दिया, जिसके बाद जाम खोलने पर राजी हुए। उन्होंने कहा कि राइस मिलरों के साथ बैठक बुलाई गई है। जल्द ही समस्या का समाधान निकाला जाएगा।


प्रशासन ने तैनात किए मंडियों के लिए नोडल अधिकारी
धान खरीद का कार्य मंडियों में सुचारू रूप से हो इसके तहत आज उपायुक्त राजेश जोगपाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने समीक्षा की तो वहीं धान खरीद का कार्य निरंतरता में सुचारू रूप से चले इसके लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान मंडियों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहे इसके लिए नोडल अधिकारी भी लगाए गए हैं। मकसद धान खरीद कार्य में किसानों व आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


तीन लाख 91 हजार 990 क्विंटल धान की खरीद
जिले की अनाजमंडियों में बुधवार को तीन लाख 91 हजार 990 क्विंटल धान की खरीद हुई। अब तक 11 लाख 19 जार 330 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। जिला खाद् एवं पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सैनी का कहना है कि खरीद व उठान कार्य लगातार तेज किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें