जिला पुलिस ने अलग-अलग जगह से नशीले पदार्थों के दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनीता और आशा रानी निवासी शोरगिर बस्ती राजपुरा जिला पटियाला (पंजाब) को चार किलो गांजे तथा ज्योति राम निवासी संत नगर इस्माईलाबाद के कब्जे से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी मंदीप सिंह ने बताया कि इस्माईलाबाद बस अड्डे पर गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि ज्योति राम अफीम बेचने का धंधा करता है। वह आज भी अफीम देने के लिए नेशनल हाईवे ठसका मीरांजी पुल के नीचे आ रहा है। सूचना पर टीम ने हाईवे ठसका मीरांजी पुल के नीचे नाकाबंदी करके निगरानी शुरू कर दी। तभी पुलिस को एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने उसे काबू करके पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज करके आरोपी ज्योतिराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं अन्य मामले में उमरी चौक के पास गश्त करते हुए टीम को सूचना मिली कि पंजाब की रहने वाली आशा रानी व सुनीता अपने-अपने बैग में गांजा लेकर आई हैं। दोनों पिपली चौक से दूसरी बस में बैठकर राजपुरा जाएंगी। सूचना पर टीम ने महिला पुलिस को साथ लेकर पिपली चौक पर नाकाबंदी करके निगरानी शुरू कर दी। तभी दो महिलाएं बस से उतरी तथा दूसरी बस का इंतजार करने लगी। टीम ने महिला पुलिस की मदद से उनको काबू करके पूछताछ के बाद उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चार किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी महिलाओं के विरुद्ध थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज करके दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।