शाहाबाद। सीआईए टीम ने छात्रों पर हमला करने के आरोप में दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्त में लिया है। आरोपियों में तुषार प्रीत सिंह उर्फ तुषार वासी शाहबाद भी शामिल है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार सागवाल ने बताया कि सात मार्च को शिकायत में मयंक सैणी वासी नलवी थाना शाहाबाद ने बताया था कि वह निजी स्कूल में पढ़ाई करता है। वह और उसका दोस्त सौरभ हुड्डा पार्ट-एक शाहाबाद में ट्यूशन पढ़ते हैं। छह मार्च को वह और उसका दोस्त ट्यूशन की क्लास पूरी करके समय करीब पांच बजे हुड्डा पार्ट-एक पार्क शाहबाद में बात कर रहे थे।
उसी समय पार्क के पास एक कार रुकी, जिसमें तुषार सहित छह लड़के बैठे थे। जो कार से नीचे उतरे और चाकू, तलवार व डंडों से उसके दोस्त वीरेंद्र और सौरभ के ऊपर हमला किया और आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। अब पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया है। आरोपियों से वारदात में प्रयोग एक गाड़ी व बिंडा लकड़ी बरामद किया गया है। दोनों नाबालिगों को अदालत के आदेश पर बाल सुधार गृह अंबाला भेजा गया है ।