मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रोहित उर्फ सुल्तान वासी नजदीक ब्रह्मसरोवर, रिंकू उर्फ कालिया वासी आकाश नगर व गोपाल उर्फ गोलू वासी क्योड़क (कैथल) को गिरफ्तार करके कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस उप-अधीक्षक (मु.) सुभाष चंद्र ने बताया कि 8 अक्तूबर को जगदीप सिंह वासी गोविंदगढ़ ने थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने अपने घर के सदस्यों के लिए पांच नए मोबाइल ऑनलाइन खरीद कर अपने कमरे की अलमारी में रखे हुए थे। वह अपने परिवार के साथ जालंधर रिश्तेदार की शादी में गया हुआ था। जब वह वापिस आया तो मकान से पांच मोबाइल चोरी हो गए थे। वहीं अन्य मामले में प्रवीन कुमार वासी खेड़ी ब्राह्मणा ने थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 23-24 जुलाई की रात को चोर उसके घर से तीन मोबाइल व उसका पर्स चुरा ले गए थे। उसके पर्स में 1500 रुपये व अन्य कागजात भी थे। शिकायत पर थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज किया था। दोनों मामलों की जांच सीआईए-1 ने करते हुए आरोपी रोहित, रिंकू व गोपाल गिरफ्तार कर पूछताछ की थी। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बाइक चोरी व मकान से चोरी की सात वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा छह मोबाइल फोन बरामद करके आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया है।