कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी के स्थानेश्वर महादेव मंदिर व पिहोवा के कार्तिकेय मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने सूचना से वीरवार को प्रशासन में हलचल मच गई। दोनों ही धार्मिक स्थलों पर पुलिस की टीमें पहुंची तो छानबीन भी की। वीरवार को अचानक ही प्रशासन के पास सूचना पहुंची की पंचकूला मेयर के पास कोई मेल पहुंची, जो खालिस्तानी आर्मी की ओर से होने का दावा किया गया। इसमें प्रदेश व देश के कई अन्य संस्थानों के साथ-साथ उक्त दोनों धार्मिक स्थलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
हालांकि दोनों ही धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का आगमन पहले की तरह जारी रहा और पूजा अर्चना की जाती रही तो दोपहर तक प्रशासन ने भी कोई खास हलचल नहीं दिखाई दी लेकिन दोपहर बाद पुलिस की टीमें पहुंची और मंदिर परिसर में छानबीन भी की वहीं पुजारी से भी चर्चा की। स्थानेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक लक्ष्मी नारायण पुरी का कहना था कि सुरक्षा व्यवस्था देखना प्रशासन का काम है।
उधर, डीएसपी सुनील कुमार का कहना है कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इस तरह की मेल कई बार शरारत भी होती है लेकिन हम सभी को अलर्ट रहना चाहिए। पुलिस ने मंदिर परिसर में जांच की है, कहीं कुछ बरामद नहीं हुआ।