संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिछले सप्ताह हुई बारिश व ओलावृष्टि की जिला में 45 हजार एकड़ फसल पर मार पड़ी है। इसमें सबसे ज्यादा गेहूं की 28 हजार 500 एकड़ फसल में नुकसान की आशंका है जबकि 10 हजार एकड़ सूरजमुखी व 6500 एकड़ फसल सरसों की खराब होने की आशंका जताई गई है।
कृषि विभाग ने सर्वेक्षण कर फसलों में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है, जो मुख्यालय को भेज दी गई है। वहीं अब किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल खुलने का इंतजार है जिस पर बिना बीमा वाली फसलों की शिकायत की जा सकेगी।
पिछले सप्ताह लगातार तीन दिन बारिश का मौसम रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को भी जमकर बारिश हुई थी, जिसके साथ बाबैन, शाहाबाद क्षेत्र में कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई थी। बाबैन में 17 एमएम, शाहाबाद व लाडवा में 10 एमएम, थानेसर में 11 एमएम व इस्माईलाबाद क्षेत्र में नौ एमएम बारिश हुई थी। इससे गेहूं, सरसों व सूरजमुखी की फसल गिर गई थी और किसान नुकसान की आशंका जताने लगे थे। ऐसे में कृषि विभाग के पास भी शिकायतें भी पहुंचने लगी थी जबकि फसल बीमा कंपनी के पास भी शिकायतें पहुंचनी शुरू हुईं।
प्रदेश सरकार ने भी इसे गंभीर माना और खराब फसल की भरपाई का भरोसा दिया। ऐसे में कृषि विभाग ने सर्वेक्षण कराया तो उक्त फसल में नुकसान की आशंका जताई गई।
फसलों में अनुमानित नुकसान की रिपोर्ट तैयार : डॉ. कर्मचंद
कृषि उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद का कहना है कि पिछले सप्ताह हुई बारिश व ओलावृष्टि से फसलों में हुए अनुमानित नुकसान का सर्वेक्षण करवाकर रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जो जिला उपायुक्त के माध्यम से उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत फसलों में कभी भी नुकसान की शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है लेकिन जो फसल पंजीकृत नहीं करवाई गई, उनमें हुए नुकसान से संबंधित शिकायत किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर कर सकते हैं। जल्द ही यह पोर्टल खुलने की उम्मीद है।
फिर बदला मौसम, 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा
सोमवार को कुछ राहत के बाद मंगलवार को फिर मौसम ने करवट ली और पूरा दिन बादल छाए रहे। ऐसे में खिली धूप का भी ज्यादा असर नहीं रहा। वहीं 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चली, जिससे ठंडक महसूस होती रही।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री व न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अगले तीन दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।