कुरुक्षेत्र। हैंड ग्रेनेड मामले में सीआईए 2 की टीम ने ग्रेनेड के साथ पकड़े गए आरोपियों को हथियार देने के लिए आने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से टीम ने एक देसी पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान जिला कैथल के सिंही गांव के रहने वाले सुरेश कुमार उर्फ बियो के रूप में हुई है।
अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी निरीक्षक मोहनलाल ने बताया कि मामले की जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए तीसरे आरोपी सुरेश कुमार का काम गुरविंदर और संदीप को अवैध हथियार सप्लाई करना था। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर इस साजिश को नाकाम कर दिया। सुरेश पर पहले से ही कैथल जिले के चीका थाने में हत्या और मारपीट सहित तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी एक-दूसरे से अनजान, मास्टरमाइंड का नहीं चला पता : सीआईए 2 के प्रभारी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी एक-दूसरे को पहले व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे और अमेरिका में बैठे सरगना के इशारों पर काम कर रहे थे। पुलिस ने सुरेश को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।