पिपली। दुकान से चोरी किया सामान ले जाते आरोपी सीसीटीवी में हुए कैद।
पिपली। थाना सदर के समीप रविवार की अलसुबह चोरों ने न्यू मार्किट स्थित रेडीमेड गारमेंट स्टोर से लाखों रुपये के गारमेंट व 10 हजार की नकदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया व डीवीआर भी साथ ले गए। चोर सुबह साढ़े तीन बजे दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे थे और सुबह सात बजे तक चोरी करते रहे। चोरी की वारदात साथ लगते दुकानों के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में अज्ञात चोर दुकान से चोरी किए सामान को ले जाते दिख रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने इसकी सूचना थाना सदर पुलिस को दे दी है।
डेसिंग लुक गारमेंट के मालिक रोहित स्वामी ने बताया कि वह शनिवार की रात को तकरीबन नौ बजे दुकान को बंद करके घर चला गया था। जब रविवार सुबह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था और डीवीआर को साथ ले गए। रोहित स्वामी ने बताया कि अज्ञात चोरों ने दुकान से तकरीबन दो से ढाई लाख रुपये की रेडीमेड कपड़े जिसमें जींस, शर्ट व अन्य वैरायटी के कपड़े शामिल थे। रोहित स्वामी ने बताया कि अज्ञात चोर दुकान में रखे 10 हजार रुपये की नकदी को भी साथ ले गए।
रोहित स्वामी ने चोरी की इस वारदात की सूचना थाना सदर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस से कर्मचारी नवीन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर सीन आफ क्राइम टीम को बुलाकर जरूरी सबूत एकत्रित किए। इस बारे में जब थाना सदर प्रभारी दिनेश कुमार से उनका पक्ष जाना गया तो उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस साथ लगते दुकानदारों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुकान से जरूरी सबूत भी एकत्रित किए हैं।