कुरुक्षेत्र। सेक्टर-पांच के घर से चारों ने लाखों रुपये के जेवर व नकदी चुरा ली। चोरी की वारदात सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। चोरों ने कमरों में सो रहे परिवार को बाहर से कुंडी लगा कर बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
सदर थाना थानेसर में दर्ज शिकायत में अनुराग मदान ने बताया कि सुबह सात बजे उसकी पत्नी घर में कमरे व स्टोर में गई तो स्टोर में रखी अलमारी खुली थी और लॉक टूटा हुआ था। उसकी पत्नी ने परिवार के सभी सदस्यों को जगाया। उन्होंने अपनी पत्नी को अलमारी चेक करने के लिए कहा तो अलमारी में से दो डायमंड के कड़े, दो सोने के कड़े, पांच सोने की चेन, चार सोने के लॉकेट, एक डायमंड सेट, एक सोने की मोटे साइज की चेन, दो सोने के ब्रेसलेट, चार सोने की रिंग, करीब दो लाख रुपये नकद चोरी हुए। इनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुला कर सबूत एकत्रित किए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। संवाद