कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान विभाग और गुरुग्राम विश्वविद्यालय के सहयोग से सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन सात नवंबर से सीनेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यातिथि भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रो. नवकांत भट्ट अपने विचार साझा करेंगे। सम्मेलन में सेमीकंडक्टर चिप डिजाइन और विनिर्माण के लिए माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स और नैनो इलेक्ट्रॉनिक्स में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम अध्यक्ष कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि वर्तमान दौर में भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए एक वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। ऐसे में कुवि में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में कुवि तथा गुरुग्राम विश्वविद्यालय की अहम सहभागिता होगी। इससे दोनों विवि के बीच पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जोकि अकादमिक और अनुसंधान संस्थानों के बीच उत्पादक नेटवर्किंग को बढ़ावा देगा।
देश-विदेश के वरिष्ठ वैज्ञानिक विचार करेंगे साझा : प्रो. मुकेश
इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और शोधकर्ता भारत में सेमीकंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक्स को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न चुनौतियों और समाधानों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में उद्योग विशेषज्ञों के मुख्य भाषण, वरिष्ठ वैज्ञानिकों से आमंत्रित वार्ता और प्रोफेसरों और शोधकर्ताओं से प्राप्त कई मौखिक व पोस्टर प्रस्तुतियां शामिल होंगी। इसके अलावा भारत और विदेश में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के विशेषज्ञ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।