कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अटल संचार भवन स्थित जनसंचार व मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के मिनी ऑडिटोरियम में विश्व रेडियो दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि संस्थान भविष्य में हरियाणवी बोली में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में अभिव्यक्ति का सशक्त अवसर मिल सके।
इस दौरान विद्यार्थियों ने हरियाणवी बोली में रेडियो जिंगल, एड मैड, रेडियो जॉकी, रेडियो ऑडियो डबिंग और सियाचीन जैसे कार्टून की ऑडियो डबिंग प्रस्तुत कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से संस्थान के टीवी व रेडियो स्टूडियो का शीघ्र उन्नयन किया जा रहा है।
इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
विश्व रेडियो दिवस पर करवाई गई रेडियो जॉकी प्रतियोगिता में बीएएमसी फाइनल की छात्रा ज्योति और बीएएमसी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा मानसी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएएमसी द्वितीय सेमेस्टर के छात्र हर्ष द्वितीय स्थान पर रहे। एड मैड प्रतियोगिता में बीएएमसी की नंदिनी व उनकी टीम ने प्रथम स्थान, बीएएमसी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा मानसी और उनकी टीम ने द्वितीय स्थान और एमए फाइनल के छात्र अर्जुन सिंह व टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रेडियो ऑडियो डबिंग प्रतियोगिता में छात्रा साक्षी प्रथम, अनमोल अरोड़ा द्वितीय और तेजबीर तृतीय स्थान पर रहे।