कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाज मंडी का दृश्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। धान खरीद शुरू हुए एक सप्ताह बीत गया है लेकिन व्यवस्था अभी तक पूरी तरह से पटरी पर नहीं आई है। अब तक न तो सभी मंडियों में धान खरीद शुरू हो सकी है और न ही उठान। एक सप्ताह बाद भी भुगतान शुरू नहीं हो पाया। रविवार तक 82304 एमटी धान की खरीद हो सकी है लेकिन लुखी खरीद केंद्र पर यह शून्य ही रही। यही नहीं बनाए गए 22 खरीद केंद्रों में से 10 पर उठान रविवार तक शून्य ही रहा और अन्य मंडियों में भी उठान की रफ्तार तेज नहीं हो पाई है। रविवार शाम तक 9341 एमटी धान का उठान किया जा सका।
इसके अलावा सरकार भले ही खरीद के 72 घंटे में भुगतान के दावे कर रही है लेकिन रविवार शाम तक भी भुगतान शुरू नहीं किया जा सका। अधिकारियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि सोमवार से भुगतान शुरू हो जाएगा। वहीं मंडियों में कटाई तेज होने के चलते आवक भी बढ़ने लगी है और रविवार को यह 3717 एमटी रही। आवक बढ़ने व उठान तेज न हो पाने से मंडियां अब भरने लगी हैं जिससे अगले दो-चार दिनों तक जाम के हालात भी बनने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।
इन मंडियों में अब तक उठान की स्थिति
मंडी- उठान
बाबैन 67 एमटी
चढूनी जाटान 209 एमटी
गुमथला गढू63
इस्माईलाबाद1108
झांसा300 एमटी
थानेसर2636 एमटी
लाडवा1131 एमटी
पिहोवा565 एमटी
पिपली998 एमटी
शाहाबाद 1427 एमटी
ठोल837 एमटी
150 से 250 तक लगाया जा रहा कट : महेंद्र
थानेसर अनाज मंडी में पहुंचे बाहरी के किसान महेंद्र का कहना था कि तय 17 फीसदी से अधिक 23 फीसदी तक नमी मिलने पर 150 से 250 तक का कट लगाया जा रहा है। किसान की मजबूरी है कि वह फसल को खेत में सूखने के लिए नहीं छोड़ सकता। पकी फसल पर बारिश व अन्य खतरा हो सकता है। इसी के चलते किसान नमी के बावजूद मंडी में धान लाने को मजबूर हैं। जो कट नहीं लगवाना चाहता उसे यहां धान सूखानी पड़ रही है।
आज से शुरू होगा भुगतान : डीएफएससी
डीएफएससी राजेश आर्य का कहना है कि खरीद व उठान कार्य लगातार बढ़ाया जा रहा है। अधिकतर मंडियों में खरीद की जा रही है। शाहाबाद मंडी का मामला भी निपट गया है। उठान तेजी से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। भुगतान सोमवार से शुरू हो जाएगा।