कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में करीब 800 गोवंश सड़कों पर है, जिससे लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। न्यू कॉलोनी में महिला को मारे जाने के बाद लोगों में अब इन गोवंश से भय भी दिखाई देने लगा है। नगर परिषद की ओर से वाह फाउंडेशन को वर्क ऑर्डर देने की प्रक्रिया फाइनल की है, जिसके साथ ही फाउंडेशन की ओर से टीम भी फील्ड में उतार दी गई हैं।
16 लोगों की इस टीम ने गोवंश को पकड़ना भी शुरू कर दिया है और पहले दिन 12 गोवंश को गोशाला तक पहुंचाया गया। दावा किया जा रहा है कि अगले 10 से 15 दिन तक सड़कें पूरी तरह गोवंश मुक्त होंगी। हर रोज पशुओं को पकड़े जाने का अभियान जारी रखा जाएगा।
फाउंडेशन की ओर से जसबीर सिंह का कहना है कि प्रशासन की ओर से वर्क आर्डर की प्रकिया पूरी कर दी गई है, जिसके साथ ही पशु पकड़े जाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। संबंधित गोशालाओं को भी अवगत करवा दिया गया है।
गोशाला के बाहर ट्रालियों में गोवंश को लेकर घंटों खड़े रहे कर्मी
फाउंडेशन के कर्मियों को पहले ही दिन उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब गोशाला तक प्रशासन की ओर से कोई पत्र नहीं पहुंचा जबकि फाउंडेशन के कर्मी ट्रेक्टर-ट्राली में गोवंश लेकर पहुंच गए। घंटों तक इंतजार करना पड़ा तो बाद में गोशाला संचालकों ने किसी तरह सहमति जताई तो गोवंश को गोशाला में छोड़ा जा सका। उधर वर्क ऑर्डर को लेकर दिनभर माथापच्ची चलती रही। नप ईओ अभय यादव ने इस मामले पर कुछ जवाब नहीं दिया जबकि जसबीर सिंह का कहना था कि वर्क आर्डर फाइनल कर दिया तो प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। बुधवार सुबह से ही गोवंश को पकड़े जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
ब्रह्मसरोवर पर पर्यटक दिखे भयभीत
गोवंश धर्मनगरी की मुख्य सड़कों से लेकर सेक्टर व कॉलोनियों की गलियों में भी झुंड के रूप में जमे रहते हैं तो वहीं धार्मिक व पर्यटक स्थल भी अछूते नहीं है। भले ही ब्रह्मसरोवर पर पुलिस की ड्यूटी हर समय रहती है, लेकिन यहां मुख्य सड़क व परिक्रमा स्थलों पर भी गोवंश खुले तौर पर घूमते हैं। न्यू कॉलोनी में हुई घटना के बाद मंगलवार को ब्रह्मसरोवर पर गोवंश को देख पर्यटकों में भय दिखा और उससे बचने नजर आए।