इस्माईलाबाद। बारीक किस्म की धान के मूल्यों में आए उछाल से जहां एक तरफ व्यापारी वर्ग व किसानों के चेहरे खिले हुए है वहीं बारीक किस्म के धान की निकासी कम होने से किसानों में कुछ मायूसी भी छाई हुई है। बासमती धान 6000 से 6400 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिक रहा है। वहीं 1121 किस्म का धान 4600 से 4900 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक रहा है। इसके अलावा अन्य बारीक किस्मों में भी 300 से 400 रुपये तक उछाल देखा गया है।
किसानों ने कहा कि धान के सीजन में हुई बारिश के कारण पहले लगाई गई फसल बर्बाद हो गई थी। दोबारा से लगाई गई बासमती की फसल काफी लेट हो गई थी। जिसका सीधा असर धान की निकासी पर पड़ा है। किसान राकेश कुमार, अजय, रोशन लाल, अनिल कुमार, तरसेम लाल आदि ने बताया कि इस वर्ष बारीक किस्म के धान के भाव तो अच्छे मिल रहे हैं लेकिन इस वर्ष धान की निकासी प्रति एकड़ आठ से 10 क्विंटल तक ही निकल रही है। जबकि पिछले वर्ष धान की निकासी प्रति एकड़ 14 से 15 क्विंटल तक निकल रही थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो झेलना पड़ रहा है।
300 से 400 रुपये का उछाल आया : कंसल
बारीक किस्म की धान के खरीदार पुरुषोत्तम कंसल व राजेश कंसल ने बताया कि इस वर्ष बारीक किस्म के धान की आवक मंडी में काफी कम है जिसके चलते मूल्यों में 300 से 400 रुपये का उछाल आया है। उन्होंने बताया कि इस समय मंडी में बासमती किस्म का धान 6000 से 6400 रुपये तक बिक रहा है। 1121 किस्म धान के भाव भी अच्छा मिल रहा है।