लाडवा। चोरी की वारदात की जानकारी देते हुए खेड़ी निवासी अरुण। संवाद
लाडवा। कस्बे में चोरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। पिछले दो दिनों में एसी की तांबे की तार और पाइप काटने वाले गिरोह ने 10 से अधिक दुकानों को निशाना बनाया है। शनिवार को दिनदहाड़े एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में भी चोरी हुई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
खेड़ी निवासी अरुण कुमार की हिनौरी रोड पर दुर्गा इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान है। 11 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। दोपहर करीब ढाई बजे लौटने पर उन्हें दुकान में सामान बिखरा मिला। पंखों और कूलरों की मोटर सहित गल्ले से नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दो युवक चोरी करते दिखे। पिपली रोड और पुरानी चुंगी क्षेत्र में भी चोरों ने कई दुकानों के बाहर लगे एयर कंडीशनर की तांबे की पाइप और तार काट लिए। व्यापारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में 10 से अधिक ऐसी वारदातें हुई हैं, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में रोष है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना लाडवा प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। चोरी किए गए तांबे के सामान की बिक्री की आशंका पर कबाड़ी दुकानों पर भी जांच हो रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।