कुरुक्षेत्र। पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा-1 टीम ने ट्रक रिपेयर की दुकानों में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार तथा चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त 2,000 रुपये बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त एक अन्य कार भी बरामद की गई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि गत 19 जून को रेलवे रोड स्थित दो ट्रक रिपेयर की दुकानों में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता जसवंत सिंह निवासी सुंदरपुर ने बताया था कि अज्ञात चोर उसकी दुकान से प्रेशर प्लेट, क्राउन प्लेट, क्लच प्लेट सहित अन्य सामान तथा साथ लगती दुकान से बैटरियां, सेल्फ, टूल्स व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3.10 लाख रुपये आंकी गई थी। जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त एक सफेद रंग की ऑल्टो कार की पहचान की गई, जिसकी छत को काले रंग से ढककर तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसकी वास्तविक पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। तकनीकी जांच एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 26 जून को राजेंद्र वासी शुगर मिल कॉलोनी, कैथल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी मोहन के साथ मिलकर चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार तथा चोरी के सामान को बेचकर प्राप्त 2,000 रुपये बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कार की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेटों का प्रयोग किया तथा वाहन की पहचान बदलने का प्रयास किया, जिसके आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। संवाद