पिहोवा। श्री कृष्ण कृपा गोशाला में स्वामी ज्ञानानंद की ओर से नए शेड के निर्माण की आधारशिला बुधवार को विधिवत पूजा के बाद रखी गई। कार्यक्रम का आरंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं गो माता की आरती के साथ हुआ, जिसके पश्चात स्वामी ने शिलान्यास कर नए युग की शुरुआत की।
इस मौके पर स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि श्री कृष्ण कृपा केवल किसी संस्था, गोशाला या मंदिर का नाम नहीं, बल्कि यह समस्त जीवन की दिशा और दर्शन है। पिहोवा में इतनी भव्य गोशाला का स्वरूप कल्पना से परे था लेकिन जब भाव श्रीकृष्ण से जुड़ते हैं, तो वह कृपा स्वरूप में प्रकट होते हैं और असंभव भी संभव बन जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि कभी भी अपने विचारों को अहंकार का रूप न दें। यह मत सोचें कि यह कार्य मैंने किया है, बल्कि यह समझें कि श्रीकृष्ण ने यह विचार मेरे अंतर्मन में उत्पन्न किए हैं। जब सेवा का भाव श्रीकृष्ण की कृपा मानकर किया जाएगा, तब समाज में प्रेम, समर्पण और सद्भाव अपने आप बढ़ेगा।