संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र / बाबैन। कलाल माजरा गांव में रहने वाले नव दंपती द्वारा फंदा लगा लिए जाने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने घर में फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है। सुबह उसका शव कमरे में चुनरी के साथ पंखे पर लटका मिला वहीं पत्नी के फंदा लगाने की खबर सुनकर घबराए पति ने बचगांव के पास नहर के किनारे पेड़ से फंदा लगा लिया। गनीमत रही कि आसपास से गुजरने वाले लोगो ने उसे देख लिया और उसकी जान बचा ली। बताया गया है कि दोनों ने मामूली कहासुनी के चलते यह कदम उठाया है।
उधर ससुराल पक्ष ने विवाहिता के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच शव को अर्थी पर रखने लगे तो मायके पक्ष के परिजनों ने उन्हें रोक दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद भी विवाद नहीं थमा और उप पुलिस अधीक्षक लाडवा को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमॉर्टम करवाकर मायके पक्ष के परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मृतिका दीक्षा के पिता खेड़ी गादियान निवासी जयपाल की शिकायत पर उसके पति संदीप के खिलाफ आत्म हत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।
दीक्षा (20) की शादी पिछले साल 26 अक्तूबर को कलाल माजरा के संदीप के साथ हुई थी। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि संदीप अपनी पत्नी दीक्षा पर शक करता था। इस वजह से संदीप उनकी बेटी के साथ लड़ाई झगड़ा करता रहता था। रात को भी उनके बीच झगड़ा हुआ था।