संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले में सोमवार को सुबह से लेकर करीब पांच घंटे तक तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। सुबह करीब सात बजे तक कहीं गहरी तो कहीं हल्की धुंध छाई रही जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज धूप रहने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली।
दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते पांच दिनों में सोमवार अब तक का सबसे गर्म दिन रहा जिससे आमजन को काफी हद तक सर्दी से राहत मिली। सुबह के समय हल्की ठंड जरूर महसूस की गई लेकिन जैसे-जैसे सूरज की किरणें तेज हुईं, ठिठुरन कम होती चली गई। दोपहर के समय लोगों ने धूप का भरपूर आनंद लिया। पार्कों, सड़कों और बाजारों में चहल-पहल बढ़ती नजर आई। बुजुर्गों और बच्चों के लिए मौसम राहत भरा रहा।