शाहाबाद। बुधवार देर रात करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा बच गया। यात्रियों से भरी हरियाणा रोडवेज की बस अचानक बेकाबू हो गई। झज्जर से चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो की बस शाहाबाद के गांव रतनगढ़ के समीप अनियंत्रित होकर पहले फुटपाथ पर चढ़ गई और फिर गलत दिशा अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पहुंच गई। इस दौरान बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।
बस चालक और परिचालक के अनुसार अचानक क्लच फ्री हो गया और ब्रेक ऑयल लीक होने से ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया जिससे चालक का बस पर से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित बस करीब 100 मीटर तक फुटपाथ पर दौड़ती रही। इस दौरान फुटपाथ पर लगे कई पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए जिससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। हादसे के समय अंबाला-दिल्ली मार्ग पर भारी ट्रैफिक चल रहा था।
गलत दिशा में बस आने से शाहाबाद से दिल्ली की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की एक अन्य बस को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। इससे उसके अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा एक पिकअप वाहन भी बस की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी भी वाहन की आमने-सामने की टक्कर नहीं हुई। बस के रुकते ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकले और राहत की सांस ली। किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ों के गिरने और क्षतिग्रस्त बस के सड़क पर खड़े होने के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया और वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया, सड़क पर गिरे पेड़ों को हटवाया और क्षतिग्रस्त बस को सड़क से किनारे लगवाकर जाम खुलवाया। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और बस की तकनीकी खराबी के लिए रोडवेज विभाग को भी सूचना दी गई।