कुरुक्षेत्र। नेशनल हाईवे - 44 पर गांव खानपुर कोलियां के पास खड़े एक ट्रक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे ट्रक पलट गया और ट्रक में बैठा चालक नीचे दब गया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुची तथा ट्रक के नीचे दबे चालक को निकालकर एंबुलेंस की मदद से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि चालक ट्रक को खड़ा करके आराम कर रहा था। इस बीच एक अज्ञात वाहन ने ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के नीचे दबे चालक को जैक की मदद से बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में भिजवाया। यहां पर उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई है।
जांच अधिकारी राममेहर ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक के परिजनों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए शवगृह रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अज्ञात वाहन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।