संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लंपी वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने पशुपालकों को अलर्ट रहने की एडवाइजरी जारी की है। पशुपालक इन दिनों गोवंश को सड़क पर बेसहारा न छोड़े और संक्रमित पशु का दूध भी न बेचें। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने पूरे जिले से 22 संदिग्ध गोवंश के सैंपल जांच के लिए जालंधर भेजे गए हैं। इसके साथ-साथ दवाइयों की डिमांड भी की है। जिले में एक संदिग्ध गाय की मौत भी हो चुकी है और 15 केस एक्टिव हैं।
पशुपालन मंत्री ने मंगलवार को विधानसभा में जानकारी दी थी कि लंपी वायरस के मद्देनजर हर जिले के उपायुक्त को फॉगिंग और कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपनिदेशक डॉ. धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि लंपी वायरस में फॉगिंग का कोई रोल नहीं है और वैसे भी गोशालाएं खुले में होने चलते वहां फॉगिंग करने का फायदा ही नहीं है।
इस वायरस के सबसे ज्यादा संदिग्ध केस लाडवा क्षेत्र में सामने आ रहे हैं। वहां की श्रीकृष्ण गोशाला सोसायटी के संचालक देसराज ने बताया कि उनके यहां 750 गोवंश है, जिसमें से 150 वायरस की चपेट में आ चुके हैं। सुबह-शाम संक्रमित गोवंश पर दवा का छिड़काव किया जा रहा है। फॉगिंग के लिए वे नगर पालिका जा चुके हैं, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। मच्छर मक्खी के कारण वायरस फैल रहा है। फॉगिंग हो जाए तो संक्रमण बढ़ने से रोका जा सकता है।
उधर, डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि इस बीमारी के लिए कोई वैक्सीन नहीं है। इस बारे में सरकार अपने स्तर पर प्रयास कर रही है। वहीं गोशालाओं में फॉगिंग मुमकिन नहीं है, क्योंकि सभी गोशालाएं खुले में हैं और फॉगिंग का इस वायरस से कोई संबंध नहीं है। वहीं सैंपल लेना रूटीन का काम है। कई 22 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जल्द की रिपोर्ट आ जाएगी।
डीसी दफ्तर, विधायक के घर के बाहर बांधेंगे गोवंश
आम आदमी पार्टी ने डीआरओ के माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ज्ञापन भेजकर सड़कों पर घूम रहे गोवंश को गोशाला पहुंचाने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन पशुओं में फैल रही इस गंभीर बीमारी के प्रति गंभीर नहीं है। पार्टी के नेता अक्षय हथीरा ने कहा हर गांव व गोशाला में पशु चिकित्सा विभाग को ड्यूटी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के अंदर पशुओं के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं हुई तो वह गोवंश को डीसी दफ्तर व विधायक के घर के सामने बांध कर आमरण अनशन करेंगे। इस मौके पर सुमित हिंदुस्तानी, नवनीत सैनी, विक्रम, प्रगट सिंह,धर्मेंद्र मलिक, हर्ष कुमार, महिंद्र, जोगेंद्र, मोहित सैनी व राहुल मौजूद रहे।
डीआरओ को ज्ञापन सौंपने के बाद जानकारी देते आप कार्यकर्ता। संवाद- फोटो : Kurukshetra