कुरुक्षेत्र। पिछले करीब एक सप्ताह से सुबह-शाम जारी रहे घने कोहरे से लगातार दूसरे दिन वीरवार को भी राहत मिली। दिनभर धूप भी खिली रही। धूप खिलने से सर्दी के मौसम में हल्की गर्मी का भी एहसास हुआ लेकिन अगले दो दिन बाद फिर सर्दी बढ़ने लगेगी।
वीरवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री तो न्यूनतम 11 डिग्री तक रहा। रविवार तक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक रहने और इसके बाद मंगलवार से यह 10 डिग्री तक आ जाने की संभावना है। मौसम में होने वाले इस बदलाव के चलते खांसी, बुखार, जुकाम सहित अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सरकारी ही नहीं निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या अधिक देखने को मिल रही है। डेंगू के बीच इन बीमारियों के चलते अस्पतालों की ओपीडी भी बढ़ी है साथ ही स्वास्थ्य विभाग लगातार बदलते मौसम में बीमारियों से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी कर रहा है।