संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बुधवार की देर शाम आंधी के संग हुई बारिश कई स्थानों पर तबाही के निशान छोड़ गई। आंधी से जिले में अलग-अलग स्थानों पर करीब 300 पेड़ टूटकर गिर गए थे, तो वहीं 150 के करीब बिजली के खंभे भी टूट गए थे। इस कारण जिले की बिजली व्यवस्था बाधित हो गई थी।
हालांकि आंधी बंद होने के बाद ही बिजली निगम के कर्मी बाधित हुई बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए थे। वीरवार की सुबह तक आंधी से बाधित हुई बिजली व्यवस्था को अधिकतर स्थानों पर दुरुस्त कर लिया गया है। कई स्थानों पर अभी भी खंभों को लगाए जाने का कार्य जारी है।
बिजली निगम के एसई मदन गोपाल जिंदल ने बताया कि जिले में आंधी से 150 बिजली खंभे गिर गए थे, जिन्हें ठीक करने के लिए कर्मचारी रातभर मशक्कत करते रहे। वीरवार की सुबह तक अधिकांश स्थानों पर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई, लेकिन कई स्थानों पर अभी टूटे खंभे लगाए जाने हैं जिन पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि अभी कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के टूटे हुए खंभों को लगाया जा रहा है। यहां भी आंधी से बाधित हुई बिजली व्यवस्था जल्द सुचारू कर दी जाएगी।