इस्माईलाबाद। थाना टीम ने स्कूल के मिड-डे-मील रसोई से गैस सिलिंडर व चूल्हा चोरी करने के आरोप में तलहेड़ी के रहने वाले जसविंदर सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के उपरांत जेल भेज दिया। 14 जनवरी को पुलिस को दी शिकायत में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलहेड़ी के प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल की रसोई का ताला तोड़कर चाेरों ने गैस सिलिंडर व चूल्हा चोरी कर लिया है। मामला दर्ज करके जांच के बाद एक आरोपी को पहले ही काबू कर चोरीशुदा चूल्हा व सिलिंडर बरामद करने के बाद जेल भेज दिया था।
अफीम की आपूर्ति करने का आरोपी गिरफ्तार
कुुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने दो किलो 602 ग्राम अफीम की आपूर्ति करने के आरोप में झारखंड के जिला हजारीबाग के रहने वाले रंजन कुमार को गिरफ्तार किया है, जिसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। सैल प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल की टीम ने सूचना के आधार पर लाडवा-पिपली रोड के पास से दीपनगर मंडी मुल्लापुर के रहने वाले सुखविंद्र सिंह उर्फ जग्गा निवासी व पंजाब के लुधियाना जिले के मंडियाली गांव निवासी बलबीर सिंह को ट्रक सहित काबू किया था। उनके ट्रक की तलाशी लेने पर ट्रक से दो किलो 602 ग्राम अफीम बरामद की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
भूखंड बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। ऋण लिए हुए भूखंड को बेचने के नाम पर लाखों रुपयों की चपत लगाने के कुबेर काॅलोनी के रहने वाले आरोपी विजय पंजाल को थाना कृष्णा गेट की टीम ने काबू कर 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
19 फरवरी पुलिस को दी शिकायत में कुरुक्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसने अजय कुमार व विजय पांचाल से एक भूखंड का सौदा 18 लाख रुपये में किया था। इसके लिए पांच लाख रुपये पहले व बाकी के अगस्त में रजिस्ट्री के समय देने बार बात तय हुई थी लेकिन आरोपी ने अगस्त में रजिस्ट्री नहीं करवाई। बाद में उसको पता चला कि उसने धोखाधड़ी करके एसबीआई से प्लाॅट पर 40 लाख का ऋण ले रखा है। बैंक ने प्लॉट की नीलामी करने की कार्रवाई करके यह प्लाॅट अपने कब्जे में ले रखा है।
हत्या का प्रयास करने के दो नाबालिग सहित तीन काबू
कुरुक्षेत्र। जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के आरोप में दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को सीआईए एक की टीम ने गिरफ्तार किया है। इनमें आरोपी कुरुक्षेत्र निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चिंटू सहित दो नाबालिग हैं। 11 अगस्त 2024 को पुलिस को दी शिकायत में कीर्तिनगर निवासी मोनू कुमार ने आरोप लगाते हुए बताया था कि वह एक कलीदार है। उसके चचेरे भाई का झगड़ा प्रिंस से हुआ था। 10 अगस्त की रात को लाइट जाने के बाद वह गली में घूम रहा था। उसी समय एक मोटरसाइकिल पर चार युवक आए और उसके ऊपर पिस्तौल से गोली चला दी। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।