लाडवा। एसडीएम राजेश सोनी ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौंदा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों से सीधा संवाद भी किया।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से कॅरिअर और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने विदेश में उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। कला और इतिहास के विद्यार्थियों को रटने के बजाय विषयों की अवधारणाओं को समझकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की। साथ ही फास्ट फूड और जंक फूड के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान बताए और पौष्टिक भोजन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के लिए बहलोलपुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का भ्रमण करने का सुझाव दिया। विद्यालय की व्यवस्थाओं और दूर-दराज के विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा की सराहना की।