कुरुक्षेत्र। बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर मीरी-पीरी चौक पर चल रहा धरना सोमवार को 11वें दिन भी जारी रहा। देश की अलग-अलग जेलों में बंद और सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर सिख संगत ने धरना दिया।
इस दौरान हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य प्रकाश सिंह साहुवाला और बिंदर सिंह खालसा भी धरने में पहुंचे। संगत ने बंदी सिखों को रिहा करो और देश के कानून व संविधान का पालन करो के नारे लगाए। प्रकाश सिंह साहुवाला और बिंदर सिंह खालसा ने कहा कि सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई की मांग संविधान के अनुसार जायज है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जेलों में बंद बंदियों की रिहाई की मांग करना किसी से भीख मांगना नहीं है। धरने में कमेटी के सचिव राजपाल सिंह दुनियामाजरा, उप सचिव रुपिंदर सिंह और अमरिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।
धरने में इससे पहले 19 सितंबर को बंदी सिख जगतार सिंह हवारा के पिता गुरचरण सिंह हवारा तथा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झीड़ा सहित कमेटी के सदस्य भी पहुंच चुके हैं। संवाद