कुरुक्षेत्र। जिला स्वास्थ्य विभाग डेंगू संदिग्ध तीन साल की बच्ची की मौत के मामले की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। आज सोमवार को पीजीआई से बच्ची के उपचार की रिपोर्ट विभाग तक पहुंच सकती है।
उधर, रविवार को विभाग की ओर से अभियान नहीं चलाया गया। इससे एक दिन पहले डेंगू के एक और मामले की पुष्टि हुई थी। अभी तक 3,435 डेंगू संदिग्धों के सैंपल की जांच में 273 लोग पॉजिटिव पाए गए, जबकि इस बच्ची के अलावा एक किशोर समेत पांच डेंगू संदिग्ध की मौत हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त विभाग कुल 14,82,243 घराें समेत 53,93,940 कंटेनर की जांच में 2,091 घरों समेत कुल 4,248 जगह से लारवा बरामद कर उसे नष्ट कर चुका है। साथ ही दूसरी बार लारवा मिलने पर विभाग 1,240 लोगों को नोटिस दिया है।
बॉक्स
कराई गई फॉगिंग : डॉ. प्रदीप कुमार
जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि आज पीजीआई चंडीगढ़ से बच्ची के उपचार से संबंधित रिपोर्ट मिल सकती है। रिपोर्ट से ही सच्चाई सामने आएगी। रविवार को कुछ जगह पर फॉगिंग और दवा का छिड़काव कराया गया। आज दोबारा टीमें इलाके में अभियान शुरू करेंगी।