कुरुक्षेत्र। शहर के दीदार नगर में डायरिया फैलने के बाद जन स्वास्थ्य विभाग ने एक नया ट्यूबवेल लगवाकर उसे शुरू करवाया है। साथ ही पानी की पाइपों की सफाई करवाई और टीम लोगों से घर-घर जाकर पानी के सैंपल एकत्रित करने में जुटी रही।
टीम लोगों से लिखित में भी शिकायत लेने के साथ संतुष्टि पत्र पर भी हस्ताक्षर करवा रही है। वहीं पिछले दो दिन से दीदार नगर में डायरिया का कोई नया केस सामने नहीं आया है। टीम ने पूरे दीदार नगर से सात पानी के सैंपल लेकर जिला लैब में भेजे हैं, जिनकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है।
दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की ओर से भी सर्वे के दौरान वितरित की जा रही जिंक की गोलियाें का सेवन करने से लोग कतरा रहे हैं। इन गोलियां के पैकेट पर इनकी अवधि मई तक लिखी हुई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार सर्वे कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके पांच सर्वे कर्मचारियों की ड्यूटी प्रशासन ने जनगणना में लगा रखी है। इनमें दो कर्मचारी, दो मेल सुपरवाइजर व एक लैब टेक्नीशियन शामिल हैं। ऐसे में विभाग सीमित संसाधन व कर्मचारियों के साथ अभी भी दीदार नगर में सर्वे कर रहा है। इससे विभाग को मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है लेकिन इस समस्या से जल्द निपटने के लिए लाडवा से तीन सर्वे कर्मचारियों को बुलाया गया है। अब पांच से छह लोगों की टीम दीदार नगर व आस-पास के क्षेत्रों में सर्वे कार्य कर रही है, जो जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
दी जा रही गोलियां पूरी तरह से सुरक्षित : डॉ. प्रदीप
डॉ. प्रदीप ने बताया कि सर्वे के दौरान विभाग के कर्मचारियों की ओर से दी जा रही जिंक की गोलियां बिल्कुल सुरक्षित हैं। जिन जिंक की गोलियों पर मई तक की अवधि लिखी है। उनका सेवन मई के अंत तक पूरी तरह सुरक्षित है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग की सर्वे टीम फील्ड में जाने से पहले हर गोली की पूर्ण जांच के बाद ही उन्हें अपने साथ लेकर जाती है।
जरूरत पड़ी तो पाइप लाइन बदलेंगे : कमल
स्वास्थ्य विभाग के जेई कमल ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग ने दीदार नगर में लीकेज हुई पाइप को ठीक कर दिया है और अब सप्लाई के साथ क्लोरिन डालकर पानी की आपूर्ति की जा रही है। विभाग ने पाइपों की साफ-सफाई भी करवाई है। अगर जरूरत पड़ेगी तो विभाग इन पाइपों को जल्द से जल्द बदल भी देगा।
फिलहाल पानी उबाल कर पीने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को कुछ दिन पानी उबाल कर ही पीने की सलाह दी है। साथ ही कहा जा रहा है कि संभव हो तो पानी को फिल्टर करके ही पिएं। अगर किसी को उल्टी दस्त की शिकायत हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में जाकर अपना चेकअप करवाएं।
कुरुक्षेत्र। मई माह की मियाद की स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की गई गोलियां दिखाता युवक चिराग।
कुरुक्षेत्र। मई माह की मियाद की स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की गई गोलियां दिखाता युवक चिराग।
कुरुक्षेत्र। मई माह की मियाद की स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की गई गोलियां दिखाता युवक चिराग।