कुरुक्षेत्र। संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली 15 जुलाई को देशभर में 150 नाटकों का मंचन करवा रही है। यह आयोजन वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में है। इसी शृंखला में हरियाणा कला परिषद के सहयोग से कला कीर्ति भवन में नाटक युग परिवर्तन वंदे मातरम की हुंकार मंचित होगा। यह मंचन महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के कलाकार सायं छह बजे अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाएंगे। वे नाटक में 1770 से वर्तमान तक के दृश्यों को प्रस्तुत करेंगे। नाटक का लेखन और निर्देशन विकास शर्मा ने किया है। हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि देशभर में नाटक छह बजे ही प्रारंभ होगा। संवाद
ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने को 1930 डायल करें : उपायुक्त
कुरुक्षेत्र। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की तत्काल सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 शुरू किया है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते रुझान के कारण लोग अक्सर भारी छूट, लॉटरी या इनामी विज्ञापनों के झांसे में आ जाते हैं। ऐसे में इस्तेमाल की जा रही वेबसाइट सुरक्षित है या नहीं, यह पहले सुनिश्चित कर लें। संभव हो तो ऑनलाइन साइट्स से सामान मंगवाते समय कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प चुनें। इससे आपकी बैंक और कार्ड जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ नहीं लग सकेगी। उपायुक्त ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें। अपनी शिकायत साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज करें। संवाद
पात्र परिवारों को निशुल्क उपचार : उपायुक्त
कुरुक्षेत्र। आयुष्मान भारत और चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजनाएं पात्र परिवारों को निशुल्क उपचार सुविधा दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की थी। इसके तहत लाभार्थी परिवार को पांच लाख रुपये तक का सालाना लाभ मिलता है। यह चिकित्सा लाभ कैशलेस और पेपरलेस है। लाभार्थी आयुष्मान कार्ड दिखाकर पैनल वाले अस्पताल में इलाज करा सकते हैं। इसमें द्वितीय और तृतीय श्रेणी की चिकित्सा सुविधा शामिल है। प्रदेश सरकार ने नवंबर 2022 में चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना शुरू की। उपायुक्त ने बताया कि 1 लाख 80 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार इसके लाभार्थी हैं। 1 लाख 80 हजार से 3 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवार 1500 रुपये प्रीमियम देकर लाभ ले सकते हैं। ऐसे परिवारों को प्रति वर्ष प्रीमियम का भुगतान कर कार्ड का नवीनीकरण कराना होगा। संवाद
सीएम विंडो पर दी शिकायतों का किया निवारण
कुरुक्षेत्र। थानेसर सीएम विंडो कमेटी के एमीनेट पर्सन पूर्व मंडल अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, गगन कोहली सीएम विंडो पर दी शिकायतों का निवारण किया। एमीनेट पर्सन हरीश अरोड़ा ने कहा कि सीएम विंडो पर दी शिकायतों का निवारण मंगलवार व शुक्रवार को सर्किट हाउस में निष्पक्षता के साथ किया जाता है। पूर्व मंडल अध्यक्ष हरीश अरोड़ा व गगन कोहली ने कहा कि अधिकारीगण सीएम विंडो की शिकायतों को गंभीरता से लें और समय पर सीएम विंडो पर आई शिकायतों का समाधान कराए बिजली विभाग द्वारा पलवल गांव में बिजली के तारों को लेकर समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया है। संवाद
डीटीपी की टीम ने गांव जंधेडी में अवैध निर्माण को किया नष्ट
कुरुक्षेत्र। जंधेडी गांव में लगभग 2.5 एकड़ में पनप रही अवैध कॉलोनी पर जिला प्रशासन की मदद से तोड़-फोड़ की कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध निर्माण को नष्ट किया। कॉलोनी में बनी सड़कें, सीवरेज, मेनहॉल और गेट के अवैध निर्माण को पीले पंजे से हटाया गया। जिला नगर योजनाकार नवीन कुमार ने अवैध कॉलोनी के पनपने का मामला सामने लाया था। विभाग ने भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 के तहत नोटिस जारी किए थे। उन्हें जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे। परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने निर्माण नहीं रोका। उन्होंने विभाग से अनुमति भी प्राप्त नहीं की। इसके बाद जिला नगर योजनाकार विभाग ने यह कार्रवाई की। संवाद