संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कला परिषद द्वारा हिंदी रंगमंच दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय नाट्य समारोह का कला कीर्ति भवन में आयोजन किया गया, जिसमें पहले दिन अभिनय रंगमंच हिसार के कलाकारों द्वारा नाटक कोर्ट मार्शल का मंचन किया गया। नाटक मंचन के दौरान वरिष्ठ रंगकर्मी बृज शर्मा बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य अशोक रोशा तथा हिंदू शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष चेतराम उपस्थित रहे।
स्वदेश दीपक द्वारा लिखे तथा मनीष जोशी के निर्देशन में तैयार नाटक में दिखाया कि सेना में कुछ ऊंचे पद के अधिकारी अपने से नीचे पद के जवान के साथ भेदभाव करते हैं, जिसके बाद मानसिक रूप से परेशान होकर जवान अपने अधिकारी का खून कर देता है। इसके बाद जवान का कोर्ट मार्शल किया जाता है। कोर्ट में प्रेजाइडिंग ऑफिसर कर्नल सूरत सिंह दोनों पक्ष को जानने का प्रयास करते हैं, जिसमें जवान रामचंद्र की ओर से कैप्टन विकास रॉय तथा अधिकारियों की ओर से कैप्टन अजय पुरी केस लड़ते हैं। जवान रामचंद्र पर सेना के नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने अधिकारी पर गोली चलाने तथा मर्डर करने का आरोप लगता है।
कैप्टन विकास रॉय अन्य अधिकारियों से पूछताछ करते हुए रामचंद्र की पैरवी करती हैं। पूछताछ में पता चलता है कि रामचंद्र नीची जाति का होने के कारण आला अधिकारी रामचंद्र को जातिसूचक शब्द कहते थे तथा उसकी मां के चरित्र के लिए भी बोलते थे, जिसके कारण रामचंद्र ने गोली चलाई। कर्नल सूरत सिंह कोई भी फैसला सुनाने में खुद को असमर्थ समझते हैं और रामचंद्र को अपनी एक पार्टी में आमंत्रित करते हैं। कैप्टन कपूर भी उस पार्टी में शामिल होते हैं लेकिन पार्टी में कोई भी कैप्टन कपूर के साथ अच्छे से पेश नहीं आता। कैप्टन कपूर स्वयं को बेइज्जत महसूस करते हैं और खुद को गोली मार लेते हैं।
इस प्रकार ऊंच नीच के भेदभाव को समाप्त करने में नाटक एक अच्छी सीख देने में कामयाब रहा। नाटक में स्नेहा बिश्नोई, अभिषेक, अमित अग्रवाल, विकास मेहता, संदीप चहल, लोकेश विवेक, रितिक कक्कड़, सचिन, गौरव शर्मा, संजय बिश्नोई, पिंकी, शिवम, राम नारायण तथा विशाल ने अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए। नाटक के अंत में समस्त कलाकारों को सम्मानित किया गया।