कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में 10 नवंबर से शुरू हुई फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव स्थानीय लोगों के लिए खुशी का विषय बना हुआ है। धर्मनगरी के लोगों में इस आधुनिक ट्रेन के लिए खासा उत्साह है। तीसरे दिन वीरवार को 21 टिकटों की बिक्री हुई। इसमें कुरुक्षेत्र से दिल्ली के लिए कुल 16 टिकटें, फिरोजपुर के लिए दो टिकटें और फिरोजपुर से कुरुक्षेत्र आने के लिए तीन टिकटों की बिक्री दर्ज की गई।
8 नवंबर को सांसद नवीन जिंदल के प्रयासों से ट्रेन के पहले ठहराव के साथ ही यात्रियों ने इसका स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुरुक्षेत्र जंक्शन पर वंदे भारत का ठहराव एक बड़ा कदम है जिससे तीर्थनगरी से दिल्ली और आगे के शहरों तक पहुंच और तेज व आरामदायक हो गई है। स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि वीरवार को 21 टिकटों की बिक्री हुई। जैसे-जैसे ट्रेन की जानकारी आम यात्रियों तक पहुंचेगी, टिकट बिक्री में भी वृद्धि होगी।