कुरुक्षेत्र जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : Archive
कुरुक्षेत्र। नव निर्वाचित जिला बार एसोसिएशन कार्यकारिणी ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण की। इसके लिए अदालत परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह के कारण अदालत परिसर में कार्य निलंबित रहा। सहदेव रढान जठलाना ने प्रधान पद की शपथ ली। सतपाल ने उपाध्यक्ष, आरती अग्रवाल ने महिला उपाध्यक्ष का पद संभाला। विक्रम सिंह गुजर महासचिव और जितेंद्र चौहान सह-सचिव बने। पीयूष गोयल कोषाध्यक्ष और अन्नू सैनी ने महिला कार्यकारी सदस्य पद की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल मौजूद रहे। जिला कलेक्टर विश्राम कुमार मीणा और कंज्यूमर कोर्ट की अध्यक्ष नीलम कश्यप भी उपस्थित थीं। एसडीएम अमन कुमार, जिला अभियोजक जयपाल सहित सैकड़ों अधिवक्ता भी समारोह में शामिल हुए।
प्रधान की प्राथमिकताएं
नवनियुक्त प्रधान सहदेव रढान जठलाना ने कहा कि यह पद जिम्मेदारी का दायित्व है। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों, सम्मान और अधिकारों की रक्षा का आश्वासन दिया। नई कार्यकारिणी बार और बेंच के संबंध मजबूत करने को प्रतिबद्ध है। पार्किंग समस्या के समाधान और नए कक्षों के निर्माण पर भी कार्य होगा। अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता में रहेगा।
पार्किंग की समस्या दूर कराएंगे, फैमिली कोर्ट भी स्थापित कराने के होंगे प्रयास : मित्तल
जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीके मित्तल ने अपने संबोधन के दौरान नई कार्यकारिणी को बधाई दी। कहा कि बार में बेहतर माहौल होना चाहिए और सभी इसमें योगदान दें। उन्होंने प्रधान सहदेव रढान द्वारा उठाए गए मुद्दों को लेकर चर्चा की कि पार्किंग की समस्या जल्द दूर कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही फैमिली कोर्ट भी स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनसे जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर एवं यथासंभव शीघ्र समाधान किया जाएगा। जिला कलेक्टर विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है और बार के विकास से जुड़ी आवश्यकताओं में प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित अधिवक्ता। संवाद - फोटो : Archive
कुरुक्षेत्र जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित अधिवक्ता। संवाद - फोटो : Archive